महाआरती के बाद रामलला का संदेश और महालक्ष्मी जी के चित्र का विमोचन, श्रद्धालुओं को वितरित की पूजन सामग्री
भीलवाड़ा। श्याम नगर स्थित श्री बाबाधाम मंदिर परिसर में रविवार शाम महाआरती के बाद ‘राष्ट्रीय गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दीपोत्सव पर गौ माता के सम्मान में एक दीपक प्रज्वलित करने का आह्वान किया गया।
श्री बाबाधाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल, भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी, जिला संत लाल महाराज, जिला समन्वयक सुनील जागेटिया, संभाग प्रभारी नंदलाल साहू एवं जिला प्रभारी जगदीश तेली के सानिध्य में ‘अयोध्या धाम से रामलला का पावन संदेश’ तथा महालक्ष्मी जी के चित्र का विधिवत विमोचन किया गया। इसके बाद महाआरती में शामिल सैकड़ों श्रद्धालुओं को संदेश एवं पूजन सामग्री वितरित की गई।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर आयोजित साप्ताहिक सुंदरकांड पाठ के दौरान भी सैकड़ों श्रद्धालुओं को दीपोत्सव पूजन के लिए सामग्री भेंट की गई थी।
गौ सम्मान के साथ स्वदेशी अपनाने का आह्वान
बाबाधाम के मीडिया प्रभारी राजेश नैनावटी ने बताया कि भाजपा विधायक कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक ने उपस्थित श्रद्धालुओं से दीपोत्सव पर अपने घर में ‘एक दीया गौ माता के सम्मान में’ प्रज्वलित करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
टाक ने गौ माता की सेवा, रक्षा एवं सम्मान के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए इसे परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली से जुड़ी आस्था बताया।
संतों एवं श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में महंत मंडल के ज्योतिषाचार्य पंडित शिवजी जोशी एवं आचार्य पंडित गोविंद गौतम सहित अनेक विद्वान पंडितों का सानिध्य रहा।
इस अवसर पर सुरेश जैन, विनोद अग्रवाल, पवन गोयल, विनोद जागेटिया, गोपाल मूंदड़ा, राहुल न्याती, अनिल जैन, सुभाष लड्डा, रमेश शर्मा, श्रीकांत त्रिपाठी, गोविंद जोशी, मृदुल जैन, रामपाल मंत्री, कुलदीप यादव सहित श्री बाबाधाम परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्री बाबाधाम में ‘राष्ट्रीय गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित




