भाजपा के पंचायत राज चुनाव टोंक प्रभारी सोनी ने टीम सहित कार्यक्रम में की भागीदारी
भीलवाड़ा, 1 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा कार्यक्रम में भीलवाड़ा से कैलाश सोनी अपनी टीम के साथ टोंक पहुंचे। सोनी को भाजपा की ओर से पंचायत राज चुनाव के लिए टोंक जिले का प्रभारी बनाया गया है।
टोंक स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के मुख्य आतिथ्य, भाजपा टोंक जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह की अध्यक्षता तथा पंचायत राज चुनाव टोंक प्रभारी कैलाश सोनी के विशिष्ट आतिथ्य में हुई। बैठक में जिलेभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कैलाश सोनी सहित अन्य पदाधिकारी मंचस्थ रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पर वोट चोरी के आरोप लगाना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पदाधिकारी बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं और चुनी हुई भाजपा सरकार को अस्थिर करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।
बैठक के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा एवं पार्टी के झंडे लेकर जिला कार्यालय से पदयात्रा निकाली। विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यकर्ता नारों के साथ एक सर्किल तक पहुंचे।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पार्टी की ओर से आयोजित पदयात्रा में सहभागिता निभाई।






