विवरणिका का विमोचन, देशभर से 700 से अधिक स्टॉल लगाने की तैयारी
तकनीक और रक्षा क्षेत्र की स्टॉल भी लगाने का सुझाव, युवाओं को नवाचार से जोड़ने पर जोर
भीलवाड़ा, 1 नवंबर। अखिल भारतीय स्वदेशी मेला आयोजन समिति, भीलवाड़ा की ओर से रविवार को आजाद नगर स्थित होटल पीएफसी में स्वदेशी मेले की विवरणिका का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में आगामी मेले की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में देश तकनीकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में स्वदेशी आंदोलन को भी तकनीकी उन्नयन के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि आगामी स्वदेशी मेले में तकनीक एवं रक्षा क्षेत्र से संबंधित स्टॉल भी लगाई जाएं, ताकि युवा और विद्यार्थी नवीनतम तकनीकों से परिचित हो सकें तथा उन्हें नवाचार एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहन मिले।
उन्होंने दत्तोपंत ठेंगड़ी के संगठन कौशल और स्वदेशी चिंतनधारा का उल्लेख करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।
निम्बार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच जिस उद्देश्य को लेकर कार्य कर रहा है, उसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से स्वदेशी मेले को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का आह्वान किया। संत लक्ष्मण दास महाराज के प्रतिनिधि परमेश्वर महाराज ने मेले के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए आशीर्वाद दिया।
10 दिन तक चलेगा आयोजन
मेला संयोजक डॉ. राजकुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आगामी मेले में देशभर से स्वदेशी उत्पादों की 750 स्टॉल लगाने की योजना है। इसके माध्यम से भीलवाड़ा में अखिल भारतीय स्तर का आयोजन किया जाएगा।
समिति के सचिव सुनील सोमानी ने बताया कि अखिल भारतीय स्वदेशी मेला 1 से 10 जनवरी 2027 तक मेडिसिटी ग्राउंड, आजाद नगर, भीलवाड़ा में आयोजित होगा। मेले में देशभर से 700 से अधिक स्टॉल लगाने की तैयारी है। इनमें स्वदेशी उत्पादों, लघु एवं कुटीर उद्योगों, उद्यमिता, तकनीकी नवाचार तथा भारतीय परंपरागत उत्पादों को प्रमुखता दी जाएगी।
सोमानी के अनुसार, उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि दत्तात्रेय वसंतराव होसबाले मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। समारोह की अध्यक्षता त्रिलोकचंद छाबड़ा करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि दस दिवसीय मेले के दौरान प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही भारतीय संस्कृति, कला, साहित्य एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना, स्थानीय उद्यमियों एवं व्यापारियों को मंच उपलब्ध कराना, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना तथा आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाना है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कृष्ण गोपाल कृष्ण सहित विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन मेला समन्वयक डॉ. देवीलाल साहू ने किया।
स्वदेशी जागरण मंच की ओर से डॉ. रोशन लाल पिपलिया, महेश नवल, डॉ. भगवती लाल, राजन गहलोत, अजय, रवि कोली, जानकी माली, श्यामसुंदर डोलिया, दुर्गा लाल सोनी, रेखा सिंगलिया, अंजना जगतिया, ललिता मीणा एवं प्रीति भावना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। विभिन्न संगठनों की ओर से बनवारी लाल सोनी, रोशन लाल तोतला, डॉ. कास्ट, डॉ. नागर, गणेश प्रजापत एवं सत्यनारायण वैष्णव भी कार्यक्रम में शामिल हुए।





