तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत जिलेभर में जागरूकता तेज
चिकित्सा संस्थानों और ग्राम पंचायतों में लोगों को दिलाई जा रही तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ
भीलवाड़ा, 4 नवंबर। युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन की लत से बचाने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत चिकित्सा संस्थानों और ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य कार्मिक विभिन्न चिकित्सा संस्थानों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्परिणामों की जानकारी दे रहे हैं। इस दौरान आमजन को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई जा रही है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। किशोरों और युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना विशेष रूप से जरूरी है। इसके लिए सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जागरूकता गतिविधियों का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत जिलेभर में जागरूकता तेज




